रतनपुर क्षेत्र में रेत माफिया खुश...
रतनपुर (बिलासपुर)। रतनपुर क्षेत्र की नदियों में इन दिनों अवैध रेत खनन का धंधा खुलेआम चल रहा है। सरवनदेवरी, खैरखुड़ी, गढ़वट सहित आसपास की नदियों में सुबह से देर रात तक ट्रैक्टरों का जमावड़ा देखा जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर, जो मूलतः कृषि कार्य के लिए उपयोग किए जाते हैं, उनका इस्तेमाल अब लगातार अवैध रेत परिवहन में किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नदियों से अवैध रूप से निकाली जा रही रेत को भारी कीमत पर बेचा जा रहा है, विशेषकर प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्यों के नाम पर जरूरतमंद लोगों से मनमाना मूल्य वसूला जा रहा है। रेत खनन माफिया खुलेआम सक्रिय हैं, जबकि खनिज विभाग की कार्रवाई केवल दिखावा बनकर रह गई है।
आरोप यह भी है कि जिन ट्रैक्टरों से अवैध खनन और परिवहन हो रहा है, उनमें कई पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी होती, फिर भी परिवहन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी-कभार की जाने वाली कार्रवाई भी केवल कागजी होती है, और “सेटिंग” के बाद वाहनों को छोड़ दिया जाता है, जिससे अवैध कारोबार और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रतनपुर क्षेत्र की नदियों में चल रहे इस अवैध रेत खनन पर कठोर और स्थायी कार्रवाई की जाए, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग रोका जा सके।
