-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास चलती कार में भीषण धमाका, 9 की मौत – आतंकी उमर पर शक, UAPA के तहत मामला दर्ज

 



नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी। शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती कार में विस्फोट हुआ, जिसमें 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

CCTV फुटेज में दिखी संदिग्ध कार

ब्लास्ट से कुछ देर पहले का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक सफेद रंग की I-20 कार पार्किंग से निकलती दिखाई दे रही है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि कार में आतंकी डॉ. मोहम्मद उमर मौजूद था। जांच में सामने आया है कि उमर हरियाणा के फरीदाबाद मॉड्यूल का हिस्सा हो सकता है।

ढाई घंटे तक कार में बैठा रहा उमर

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सूत्रों के अनुसार, डॉ. उमर पार्किंग में करीब ढाई से तीन घंटे तक कार में बैठा रहा, और एक बार भी बाहर नहीं निकला। माना जा रहा है कि वह या तो किसी का इंतजार कर रहा था या किसी बड़े निर्देश की प्रतीक्षा में था।

फरीदाबाद से जुड़ा नेटवर्क, 2900 किलो विस्फोटक बरामद

पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा से लखनऊ तक अभियान चलाकर 2900 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया था। इस कार्रवाई में फरीदाबाद से डॉ. मुजम्मिल शकील और लखनऊ से महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को गिरफ्तार किया गया था। अब जांच एजेंसियों को शक है कि लाल किला ब्लास्ट का संबंध भी इसी नेटवर्क से हो सकता है।

UAPA के तहत मामला दर्ज, आत्मघाती हमले की जांच शुरू

दिल्ली पुलिस ने इस धमाके को लेकर UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) के तहत केस दर्ज कर लिया है। एनआईए, स्पेशल सेल और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीमें जांच में जुट गई हैं। हालांकि मौके से RDX के कोई सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन जांच एजेंसियां आत्मघाती हमले के एंगल से भी मामले की तहकीकात कर रही हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.