पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर अनिश्चितता और चिंताओं का माहौल गहराता जा रहा है। अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद इमरान की आखिरी झलक 16 मई 2024 को अदालत पेशी के दौरान देखने को मिली थी। इसके बाद से उनके परिजनों और समर्थकों का कहना है कि सरकार और सेना दोनों ही उनकी वास्तविक स्थिति बताने से बच रही हैं।
परिवार का आरोप : 6 हफ्तों से ‘डेथ सेल’ में अकेले बंद, मिलने नहीं दिया जा रहा
इमरान खान के बेटे कासिम खान ने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा—
‘पिछले 6 हफ्तों से उन्हें डेथ सेल में अकेले रखा गया है। उनकी बहनों को मिलने से रोका गया है, जबकि कोर्ट ने इसकी इजाजत दी है। न कोई फोन कॉल, न मुलाकात और न उनके जिंदा होने का कोई सबूत है। हमारा उनसे कोई संपर्क नहीं है।’
परिवार का कहना है कि इमरान की बहनें जेल में मुलाकात की अनुमति के बावजूद उनसे मिलने नहीं दी जा रही हैं। इसी वजह से वे बीते 4 दिनों से जेल के बाहर धरने पर बैठी हैं।
सरकारी दावा : इमरान पूरी तरह ठीक, रोज डॉक्टर चेकअप कर रहे हैं
परिवार के आरोपों के बीच, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह खान ने इमरान खान की स्थिति को लेकर बिल्कुल विपरीत बयान दिया। उन्होंने कहा—
‘उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है। डॉक्टरों की टीम रोजाना उनका चेकअप करती है। उनकी दवाओं, डाइट और एक्सरसाइज की पूरी देखभाल की जा रही है।’

