रायपुर। राजधानी रायपुर के तहसील कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार प्रकाश सोनी पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में 15 अधिवक्ताओं ने रायपुर कलेक्टर और एसडीएम को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में आरोप है कि तहसीलदार प्रकाश सोनी अपने कार्यालय और निजी केबिन में दलाल मनोज सिंह ठाकुर को बुलाकर रिश्वत के जरिए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और त्रुटि सुधार जैसे प्रकरणों को एक ही दिन में निपटाते हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि मनोज सिंह ठाकुर न तो पक्षकार हैं, न अधिवक्ता, फिर भी वह रोजाना तहसीलदार के केबिन में दस्तावेज जमा कराता है, जिससे कथित रूप से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है।
अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि रिश्वत देने से इनकार करने वाले पक्षकारों के प्रकरण जानबूझकर लटकाए जाते हैं, जबकि रिश्वत देने वालों के प्रकरण तुरंत पास कर दिए जाते हैं।

