लखनऊ। आगरा एक्सप्रेस वे पर दिल्ली से आ रही एक डबल डेकर बस के पिछले पहिए में आग लग गई, जिससे पूरी बस धू-धू कर जल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, जो करीब 50 मिनट बाद मौके पर पहुंची और तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
इंस्पेक्टर सतीश राठौर के मुताबिक, बस टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले आगरा एक्सप्रेस वे पर चल रही थी, तभी पिछले पहिए में आग लग गई। आग की जानकारी वहां पर चाय बेचने वालों ने बस ड्राइवर को दी। ड्राइवर ने तुरंत बस में बैठी 39 सवारियों को उतार दिया और बस को टोल प्लाजा तक ले गया।
टोल प्लाजा पर फायर ब्रिगेड की तुरंत व्यवस्था नहीं होने के कारण बस तेजी से जलने लगी। मौके पर काकोरी पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इंस्पेक्टर राठौर ने बताया कि सभी सवारी सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस से आगे भेजा गया। हादसे की जांच और बस में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

.jpeg)