नई दिल्ली। सूर्य उपासना के महापर्व छठ की आस्था की लहर इस बार न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में दिखाई दी। खरना के साथ शुरू हुए 36 घंटे के निर्जला व्रत के तीसरे दिन सोमवार को देश और विदेशों में लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारियां कीं। राजधानी के लगभग 1300 घाटों पर सामूहिक पूजा आयोजित हुई, जिनमें से 17 प्रमुख घाट यमुना नदी के किनारे बनाए गए थे। मुंबई और ठाणे में भी 83 स्थानों पर श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया।
विदेशों में भी छठ पूजा का उल्लास देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, फिजी, सूरीनाम, मॉरिशस और त्रिनिदाद-टोबैगो जैसे देशों में बसे प्रवासी भारतीयों ने छठ पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया।
इस बीच, भोपाल में प्रदेश के पहले छठी मैया मंदिर का लोकार्पण हुआ। जयपुर के सम्मानित कलाकार महावीर भारती और निर्मला ने छठी मैया की प्रतिमा तैयार की है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के वासुदेव घाट पर आयोजित छठ पूजा में शामिल हो सकते हैं और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

