विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम कंचनपुर में कृषि शिविर आयोजित
रतनपुर (कोटा विधानसभा):
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आज ग्राम पंचायत कंचनपुर में एक दिवसीय कृषि शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के किसानों को आधुनिक खेती, पशुपालन, मछली पालन तथा उद्यानिकी से संबंधित जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य दुर्गा हरीशंकर यादव उपस्थित रहीं।
शिविर में किसानों को उन्नत खेती के तौर-तरीकों के साथ-साथ मछली पालन और मुर्गी पालन के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मछली पालन विभाग और उद्यानिकी विभाग के विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी रतनपुर मंडल के महामंत्री ज्वाला कौशिक, युवा मोर्चा मंडल महामंत्री हरिशंकर यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज बिरको , स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, पंच, जनपद सदस्य, कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।
शिविर में किसानों ने विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर अपनी जिज्ञासाएं दूर कीं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। आयोजन के सफल संचालन के लिए ग्राम पंचायत कंचनपुर और कृषि विभाग का विशेष योगदान रहा।
