बच्चों में डायरिया से होने वाले मृत्यु की रोकथाम के लिए ‘‘डायरिया रोको अभियान रथ’’ को हरी झंडी दिखाकर कलेक्टर ने किया रवाना
बच्चों में डायरिया से होने वाले मृत्यु की रोकथाम के लिए जिले में 16 जून से 31 जुलाई तक डायरिया रोको अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान में जिले में लक्षित शून्य से 5 वर्ष के 39 हजार 168 बच्चों को डायरिया से बचाव हेतु मितानिन, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर सर्वे कर, हाथ धोने की विधि, जीवन रक्षक घोल बनाये जाने तथा ओआरएस जिंक की महत्ता, दस्त होने पर भी मां के दूध पिलाने की आवश्यकता तथा शौच हेतु टॉयलेट की उपयोग के बारे में जानकारी देंगे। ‘‘डायरिया रोको अभियान रथ’’ को हरी झंडी दिखाकर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेण्ड्रारोड ऋचा चंद्रकार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
