हनुमान जन्मोत्सव पर भगवामय हुआ बिलासपुर, धर्म जागृति मंच की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
बिलासपुर। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर धर्म जागृति मंच द्वारा आयोजित विशाल शोभायात्रा ने शनिवार को पूरे शहर को भगवामय कर दिया। पंचमुखी हनुमान मंदिर बुधवारी बाजार से निकली यह भव्य शोभायात्रा शहर के इतिहास की सबसे बड़ी शोभायात्राओं में से एक रही, जिसमें 10,000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।
धर्म जागृति मंच के संस्थापक स्व. प्रेम श्रीवास द्वारा वर्ष 1993 में आरंभ की गई इस परंपरा का यह 32वां वर्ष था। शोभायात्रा का नेतृत्व मंच के संयोजक श्री त्रिलोक श्रीवास एवं अध्यक्ष श्री मनोज श्रीवास ने किया। दोपहर 4 बजे पंचमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा तारबाहर खुदीराम बोस चौक तक 15 किमी की पदयात्रा के रूप में संपन्न हुई।
शोभायात्रा में नगर विधायक श्री अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित कांग्रेस, बीजेपी, शिवसेना, बसपा व अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सैकड़ों सामाजिक व धार्मिक संगठनों के लोग उपस्थित रहे।
शहरभर में दर्जनों स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत हुआ। आयोजन की शोभा बढ़ाने दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां, ताशा-धुमाल, डीजे, बैंड-बाजा, अखाड़े, डंडा दल एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों का संगम देखने को मिला। हजारों श्रद्धालु पुरुष-महिलाएं हाथों में भगवा ध्वज लेकर श्रीराम व श्रीहनुमान के जयकारों के साथ चलते रहे।
विशेष बात यह रही कि शोभायात्रा में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी विभिन्न स्थानों पर स्वागत कर गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश की।
आयोजन को सफल बनाने में मंच के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई, जिनमें प्रमुख रूप से मनोज श्रीवास, त्रिलोक श्रीवास, चीनी बूटी, गंगोत्री, सपन रजक, दीपक कश्यप, मेधा मांकीजा, पप्पू तेजवानी, राजेश पांडे, महेश दुबे टाटा, अजय गुप्ता, जितेन शर्मा, लव साहू, विष्णु हिरवानी, पं. जितेंद्र शर्मा, प्रतीक तिवारी, डॉ. ललित मखीजा, डॉ. रजनीश पांडे, बबलू रजक, राकेश गुप्ता, आनंद श्रीवास, मणि शंकर शर्मा, संजय गोयल समेत अनेकों कार्यकर्ता शामिल रहे।
हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित इस शोभायात्रा ने न केवल आस्था का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी अद्भुत संदेश दिया।
