तेज रफ्तार दोपहिया वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
साल्हेकोटा में सड़क हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
पेंड्रा। प्रतिनिधि। बुद्धू सिंह श्याम की ख़ास रिपोर्ट।
पेंड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले साल्हेकोटा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दानीकुंडी की ओर से साल्हेकोटा आ रही एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 47 वर्षीय दादन सिंह मार्को के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार की शाम लगभग 7:30 बजे दादन सिंह मार्को साल्हेकोटा स्थित किराना दुकान से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। तभी दानीकुंडी की ओर से तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दादन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को मदद पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही साल्हेकोटा पुलिस चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सोमवार को उनका पोस्टमार्टम किया गया ।
पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि साल्हेकोटा रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन सुरक्षा के कोई स्थायी उपाय अब तक नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
दादन सिंह मार्को गांव में एक सरल और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पुलिस का कहना है कि फरार वाहन चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा। साथ ही, आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
