-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

बांकीमोंगरा कबीर आश्रम में चैत्र पूर्णिमा पर सत्संग समारोह का आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी कुमारी झा रहीं मुख्य अतिथि



बांकीमोंगरा कबीर आश्रम में चैत्र पूर्णिमा पर सत्संग समारोह का आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी कुमारी झा रहीं मुख्य अतिथि

बांकीमोंगरा, 14 अप्रैल। चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को बांकीमोंगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल रोड के समीप कबीर आश्रम में एक दिवसीय सत्संग समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजयुमो छत्तीसगढ़ के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री विकास झा शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत संत कबीर साहेब जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से की गई। इसके पश्चात समाज के प्रमुखों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ व माला से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन कबीर आश्रम के प्रमुख अमरु दास महंत ने किया।

समारोह को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष सोनी कुमारी झा ने कहा कि समाज के आशीर्वाद से उन्हें नगर पालिका की प्रथम महिला अध्यक्ष बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा, "मैं सदगुरु कबीर साहेब के विचारों को आत्मसात कर समाज सेवा को प्राथमिकता दूंगी।" उन्होंने समाज में व्याप्त अंधविश्वास, जातिवाद और पाखंड को दूर करने के लिए कबीर जी की शिक्षाओं को अपनाने का आग्रह किया।

वहीं, विशिष्ट अतिथि विकास झा ने संत कबीर को महान संत और कवि बताते हुए कहा कि उन्होंने भक्ति आंदोलन के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने आश्रम की आवश्यकताओं—मंच निर्माण, सौंदर्यकरण और पेयजल की समस्याओं को प्रदेश स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सतीश झा, बबलू डहरिया, अश्वनी साहु, मुकेश झा, मानिकपुरी पनिका समाज के प्रमुख, महिला एवं पुरुष श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को साल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.