राजधानी रायपुर में पुलिस बल की भारी कमी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
रायपुर, 13 अप्रैल 2025:
रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर राजधानी रायपुर सहित जिले में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की मांग की है।
सांसद अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि राजधानी रायपुर की बढ़ती जनसंख्या, अपराध की नई-नई विधियाँ, सायबर अपराध तथा यातायात की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस बल में भारी कमी से स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रायपुर जिले में कुल 3805 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 796 पद रिक्त हैं। वर्तमान में केवल 377 पुलिसकर्मी कार्यरत हैं जबकि आवश्यकता 2738 की है।
उन्होंने पत्र में चिंता जाहिर की है कि बल की कमी के कारण न केवल अपराध नियंत्रण में बाधा आ रही है बल्कि पुलिसकर्मियों पर काम का अत्यधिक बोझ भी पड़ रहा है। सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बल की भी स्वीकृति प्रदान की जाए।
रायपुर की जनता की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की बहाली हेतु यह मांग अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
