वी. एन. आर. सीड्स द्वारा बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय में कैम्पस प्लेसमेंट का सफल आयोजन
बिलासपुर, 22 अप्रैल 2025।
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में आज वी एन आर सीड्स के सहयोग से एक विशेष कैम्पस प्लेसमेंट कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं प्लेसमेंट नोडल अधिकारी डॉ. राजेश कुमार साहू ने बताया कि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन. के. चौरे के नेतृत्व में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उनके भविष्य को सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इस कैम्पस प्लेसमेंट का आयोजन वी एन आर सीड्स कंपनी के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर वी एन आर सीड्स के प्रबंधक (एच.आर.) श्री विवेक पांडेय, डिप्टी मैनेजर (उत्पादन) श्री कुशदत्त रावत तथा प्रबंधक (रूट स्टॉक सीड्स) श्री राहुल त्रिपाठी उपस्थित रहे। चयन प्रक्रिया के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके कौशल, ज्ञान और व्यावसायिक योग्यता का आकलन किया।
इस सफल आयोजन से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को निजी क्षेत्र में कैरियर निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर मिला है, जिससे छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
