-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

अवैध वसूली मामले में बांगो थाना प्रभारी उषा सोंधिया और प्रधान आरक्षक जितेंद्र जायसवाल निलंबित



NEWS 1947 | कोरबा ब्रेकिंग न्यूज़
अवैध वसूली मामले में बांगो थाना प्रभारी उषा सोंधिया और प्रधान आरक्षक जितेंद्र जायसवाल निलंबित

कोरबा, 16 अप्रैल 2025।
कोरबा जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक उषा सोंधिया और प्रधान आरक्षक जितेंद्र जायसवाल को अवैध वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी द्वारा तत्काल प्रभाव से की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांगो थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग और शराब पकड़ने के नाम पर पुलिस टीम द्वारा अवैध वसूली की जा रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी के संरक्षण में एक जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार सचिन कुमार मिश्रा को वाहन चेकिंग के दौरान पकड़कर घंटों थाने में बैठा लिया गया। आरोप है कि उसे ऑनलाइन 10,500 रुपये की पेमेंट प्राप्त होने के बाद ही छोड़ा गया।

मामले की शिकायत पीड़ित ने पाली जनपद अध्यक्ष और स्वयं एसपी सिद्धार्थ तिवारी से की, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए। जांच में अवैध वसूली के पुख्ता साक्ष्य मिलने पर थाना प्रभारी और प्रधान आरक्षक दोनों को सस्पेंड कर दिया गया।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने पहले ही जिले में अवैध कारोबार और शराब से जुड़े मामलों पर सख्ती के निर्देश जारी किए थे। लेकिन बांगो थाना जैसे आउटर क्षेत्र में इन निर्देशों का उल्लंघन करते हुए कानून की आड़ में वसूली की जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार, थाना प्रभारी उषा सोंधिया और प्रधान आरक्षक जायसवाल द्वारा वाहन चालकों से अवैध वसूली की शिकायतें पहले से मिल रही थीं। लेकिन जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार से जबरन वसूली और घंटों थाने में बैठाकर डराने-धमकाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी पड़ी।

– रिपोर्ट: NEWS 1947 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.