-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

अकुल सोनी ने जेईई मेंस में 99.84 पर्सेंटाइल के साथ संभाग में प्रथम स्थान पाया,472वीं ऑल इंडिया रैंक, बर्जेस इंग्लिश स्कूल में सम्मान समारोह



अकुल सोनी ने जेईई मेंस में 99.84 पर्सेंटाइल के साथ संभाग में प्रथम स्थान पाया
472वीं ऑल इंडिया रैंक, बर्जेस इंग्लिश स्कूल में सम्मान समारोह

बिलासपुर। बर्जेस इंग्लिश स्कूल के मेधावी छात्र अकुल सोनी ने जेईई मेंस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.84 पर्सेंटाइल अर्जित किया है। अखिल भारतीय स्तर पर 472वीं रैंक प्राप्त कर अकुल ने न केवल अपने विद्यालय का, बल्कि पूरे शहर और संभाग का भी गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन के सचिव श्री जयदीप रॉबिन्सन ने अकुल का शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, "बर्जेस स्कूल के छात्र शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। हमें गर्व है कि अकुल जैसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी हमारे संस्थान से जुड़े हैं।"

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निशिता हंसा दास ने भी अकुल की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा, "अकुल कक्षा एक से ही हमारे विद्यालय का छात्र रहा है। उसकी लगन और परिश्रम ने उसे इस मुकाम तक पहुँचाया है। शिक्षकगण भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सदैव प्रयासरत हैं।"

सम्मान समारोह के दौरान अकुल ने अपने शिक्षकों, विद्यालय और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, "बिना गुरु के कोई भी सफलता संभव नहीं। मैं सौभाग्यशाली हूँ कि मुझे समर्पित शिक्षकों का मार्गदर्शन मिला।"
अकुल ने उपस्थित विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और दृढ़ निश्चय से ही सफलता संभव है।

अकुल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे बिलासपुर संभाग में खुशी की लहर है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.