भीषण गर्मी में राहत: बिलासपुर में दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल रहेंगे बंद
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस की संवेदनशील पहल
बिलासपुर।
संपूर्ण छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। चिलचिलाती धूप में सड़क पर खड़े रहना आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर आमजन की सुविधा के लिए दोपहर 12 बजे से संध्या 5 बजे तक शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे ने जानकारी दी कि दोपहर के समय सिग्नल बंद रखे जाएंगे, हालांकि इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवान चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे। यदि किसी परिस्थिति में यातायात व्यवस्था बाधित होती है या जाम की स्थिति बनती है तो तत्काल सिग्नल को पुनः चालू कर दिया जाएगा।
ड्यूटी पर तैनात जवानों को भी राहत
गर्मी में ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखते हुए चौक-चौराहों पर तैनात जवानों को "छायानुमा छतरियां" भी प्रदान की गई हैं। इससे जवान चिलचिलाती धूप से बचते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
आम नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सिग्नल बंद रहने की स्थिति में भी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। चौक-चौराहों पर वाहन धीमी गति से चलाएं, सड़क पार करते समय सतर्कता बरतें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
यह पहल न केवल भीषण गर्मी में राहत प्रदान करने के लिए है, बल्कि सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात प्रबंधन को भी सुनिश्चित करने का प्रयास है। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे यातायात नियमों का अनुशासनपूर्वक पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें ताकि सभी का सफर सरल, सुरक्षित और सुगम बना रहे।
