डीएलसीसी की बैठक में रोजगार, स्वरोजगार, व्यवसाय आदि के लिए बैंकों को भेजे गए ऋण प्रकरणों की कलेक्टर ने की समीक्षा
लंबित प्रकरणों को 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से निराकृत करने के निर्देश
*पीएमजेजेबीवाई योजना के तहत तीन हितग्राहियों को दिया गया दो-दो लाख रूपए का चेक*
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 07 मार्च 2025/ जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने विभिन्न विभागों द्वारा रोजगार, स्वरोजगार, व्यवसाय, आजीविका आदि के लिए बैंकों को भेजे गए ऋण प्रकरणों की बैंकवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को नियम-प्रक्रिया का पालन करते हुए 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऋण प्रकरणो के निराकरण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए बैंकर्स को निर्देश दिए कि दस्तावेजों की कमी होने पर कारण बताते हुए संबंधित विभागों को अवगत कराएं, ताकि दस्तावेज की कमी पूरा कर पुनः प्रस्तुत किया जा सके। उन्होने सभी बैंको को चेक लिस्ट भी जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदी, मुद्रा लोन, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन, खादी ग्रामोद्योग, अन्त्यावसायी सहित विभिन्न योजनाओं के तहत बैंकों को भेजे गए ऋण एवं अनुदान प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि बैंकों को जितने भी प्रकरण भेजे गए हैं, सभी प्रकरणों को 31 मार्च तक पूर्ण करें, एक भी प्रकरण नए वित्तीय वर्ष में कैरीफारवर्ड नहीं होना चाहिए। उन्होंने विभागों को भी प्रकरण भेजने के बाद संबंधित बैंकों से आगे की कार्रवाई करने के लिए फॉलोअप करने के निर्देश दिए। बैठक उपरांत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत तीन हितग्राहियों-संध्या साहू, रजनी भट्ट एवं पंचराम को दो-दो लाख रूपए का चेक प्रदान किया गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, लीड बैंक मैनेजर उदय सुरेश कविस्वर, सभी जनपद सीईओ, सभी सीएमओ, विभिन्न विभागो के अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित थे।
