हिंदू जागरण मंच- कोरबा ने वीर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि
सुभाष चौक में "बलिदान दिवस" पर हुआ भव्य आयोजन, श्रद्धा और देशभक्ति के रंग में रंगा जनमानस
कोरबा। हिंदू जागरण मंच के तत्वावधान में 23 मार्च 2025 को सुभाष चौक, निहारिका में "बलिदान दिवस" का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु सहित सभी वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दीप प्रज्वलन और पुष्पार्पण के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय ने राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों का स्मरण किया।
शहीदों की मूर्तियों पर दुग्धाभिषेक और भारत माता की भव्य आरती
कार्यक्रम के दौरान सुभाष चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा सहित भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की मूर्तियों पर मंत्रोच्चार के साथ दुग्धाभिषेक किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों, हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और जनमानस ने भारत माता की आरती कर देशभक्ति का संदेश दिया।
गुरुमां साध्वी गिरिजेश नंदिनी ने भरी राष्ट्रभक्ति की अलख
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता केंदई आश्रम की संचालिका एवं दुर्गा वाहिनी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा गुरुमां साध्वी गिरिजेश नंदिनी रहीं। उन्होंने अपने ओजस्वी भाषण से वीर बलिदानियों के त्याग और बलिदान को याद कराते हुए उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। वहीं, किशोर बुटोलिया जी के जोशीले उद्बोधन ने सभा में जोश और उत्साह का संचार कर दिया।
देशभक्ति गीतों और नाट्य मंचन से गुंजायमान हुआ सुभाष चौक
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। वहीं, पूर्णिमा भट्टाचार्य दीदी के मार्गदर्शन में स्कूल के बच्चों ने बलिदानी खुदीराम बोस के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन कर उनकी शहादत को जीवंत कर दिया।
रक्त तिलक कर दी गई शहीदों को अनोखी श्रद्धांजलि
हिंदू जागरण मंच के सदस्यों द्वारा वीर शहीदों भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु एवं सुभाष चंद्र बोस की मूर्तियों पर दुग्धाभिषेक किया गया। इसके साथ ही मंच के जिला सह संयोजक अखिलेश जायसवाल ने अपने रक्त से रक्त तिलक कर बलिदानियों को अनोखी श्रद्धांजलि अर्पित की।
दीप प्रज्वलन में उमड़ा जनसैलाब
हिंदू जागरण मंच की महिला आयाम की पदाधिकारियों और सदस्यों ने आम जनमानस के साथ मिलकर दीप प्रज्वलन किया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और देश के वीर सपूतों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, स्वयंसेवक, हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी, स्कूली बच्चे और आम जन उपस्थित रहे। पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में डूबा नजर आया और सभी ने शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
