-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

चार पर्यटन समितियों को दिया गया चेक और क्यूआर मशीन

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन समिति की बैठक आयोजित

चार पर्यटन समितियों को दिया गया चेक और क्यूआर मशीन

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 04 जनवरी 2025/कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों में मूलभूत कार्यों हेतु स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई तथा प्रगतिरत कार्यों-बैगा कुटिर, फेंसिंग, सौंदर्यीकरण, ट्यूबवेल एवं रनिंग वाटर, शेड निर्माण, होम स्टे, शौचालय, सीढ़ी एवं रेलिंग, सीसी रोड, रिटर्निंगवाल आदि कार्यों को 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पूर्व में स्वीकृत अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया। 
बैठक में जिले के प्राकृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने महत्वपूर्ण बिन्दुओं चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में पर्यटन की अच्छी संभावना है। आजीविका संवर्धन के लिए स्थानीय स्तर पर पर्यटन समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने समितियों का आय बढ़ाने पर जोर देते हुए बैठक में उपस्थित पर्यटन समिति के अध्यक्ष एवं सचिवों को आय-व्यय का अभिलेख संधारित करने कहा। इस अवसर पर चार पर्यटन समितियों को ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से प्रापत राशि का चेक वितरित किया गया। इनमें लमना पयर्टन समिति को 19800 रूपए, लक्ष्मण धारा पयर्टन समिति को 12579 रूपए, राजमेरगढ़ पयर्टन समिति को 8820 रूपए और झोझा पर्यटन समिति को 1702 रूपए का चेक एवं क्यूआर मशीन शामिल है।  
बैठक में पयर्टन समितियों द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों-ट्रेकिंग, कैम्पिंग, नौकायान, ट्राइबल डांस, ट्राइबल फूड, कैटिन, स्टार गेजिंग आदि की जानकारी दी गई। पर्यावरणविद संजय पयासी ने इको टूरिज्म गतिविधियों के तहत राजमेरगढ़, झोझा जलप्रपात, परेवापाट, समुदलई, लक्ष्मण धारा, तिपान उद्गम आदि प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की विशेषताओं के साथ ही दुर्लभ पक्षियों, तितलियों, सांप, गिरगिट आदि विभिन्न प्रजाति के जैव विविधताओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए उनके द्वारा आगामी तीन माह के लिए तैयार किए गए कार्य योजना से अवगत कराया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, डिप्टी कलेक्टर ऋचा चन्द्राकर, जिला पर्यटन विकास के नोडल डॉ. राहुल गौतम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास गोपेश मनहर, जनपद सीईओ गौरेला एवं पेण्ड्रा सहित ग्रामीण यांत्रिकी, लोक निर्माण, जल संसाधन, परिवहन, श्रम, क्रेडा, वन, आजीविका मिशन, निर्माण एजेंसियों के अधिकारी और पर्यटन विकास समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.