-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

पुलिस ने वारंटियों के विरुद्ध अभियान चलाकर पकड़े 11 फरार आरोपी

 पुलिस ने वारंटियों के विरुद्ध अभियान चलाकर पकड़े 11 फरार आरोपी

*आचार संहिता लागू होते ही अभियान तेज कर पहले दिन 9 स्थाई और 2 गिरफ्तारी वारंट किए गए तामील

जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव 2025 के मद्देनजर आचार संहिता लागू होते ही स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ का व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय और रेंज पुलिस महानिरीक्षक के आदेश पर, पुलिस अधीक्षक आईपीएस भावना गुप्ता के निर्देशन में इस अभियान को पूरी सख्ती और प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को फरार आरोपियों की धरपकड़ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के पहले ही दिन पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए जिले में कुल 11 वारंट तामील किए। इनमें थाना गौरेला द्वारा 3 स्थाई वारंट, थाना पेंड्रा द्वारा 2 स्थाई और 2 गिरफ्तारी वारंट, तथा थाना मरवाही द्वारा 4 स्थाई वारंट तामील किए गए।

साइबर सेल, जीपीएम ने थाना गौरेला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चोरी और नकबजनी के तीन साल से फरार एक वारंटी को गिरफ्तार किया, जो वर्ष 2021 से चोरी और नकबजनी के दो मामलों में फरार चल रहा था। वहीं, थाना मरवाही ने वर्ष 2020 में दर्ज डकैती के प्रकरण में फरार एक आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना, पुराने लंबित मामलों का निपटारा करना और चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी से जिले में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन की अपराध पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.