गौरेला पेंड्रा मरवाही, 03 अगस्त 2024/ जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के तहत जिले के शहरीय क्षेत्रों में विभिन्न वार्डों में शिविरों का आयोजन सतत रूप से जारी है। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी मांग और समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। जिनका विधिवत् निराकरण की त्वरित पहल की जा रही है। इसी कड़ी में आज नगर पंचायत गौरेला के वार्ड क्रमांक 6, 7 एवं 8 के नागरिकों के मांगों व स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए अग्रसेन भवन में शिविर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने शिविर का जायजा लेते हुए नागरिकों से अपनी मांग एवं समस्याओं के संदर्भ में आवेदन देकर लाभ उठाने की अपील की। जनप्रतिनिधियों ने शिविर में पहुँचे सभी आवेदकों से उनके मांगों एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नारायण साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में आज राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास निर्माण, पेयजल, राजस्व विभाग, श्रम विभाग से संबंधित आवेदनों के अलावा शिविर में जन्म-मृत्यु, शहरी आजीविका मिशन, समाज कल्याण, महिला बाल विकास, भवन अनुज्ञा, सामाजिक पेंशन, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण आदि से संबंधित 55 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिसमे से 44 का त्वरित रूप स आज ही निराकरण किया गया शेष आवेदनों को नियमानुसार परीक्षण कर निराकृत किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नगरीय निकायों में 27 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसमस्या निवारण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। जिसमे अभी तक कुल 534 आवेदन, शिकायत प्राप्त हुए हैं, इनमें से 304 आवेदनों का शिविर स्थल में निराकरण कर दिया गया हैं। आज के शिविर में विशेष रूप से 11 लोगो का श्रमिक कार्ड और 22 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। अगला शिविर रविवार 04 अगस्त को मिशन स्कूल परिसर गौरेला में लगाया जाएगा, जिसमें वार्ड क्रमांक 9 एवं 11 के नागरिकों की मांग एवं समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शिविर में अधिक से अधिक नागरिकों को आने की अपील की गई है।
