गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 25 जुलाई 2024/पेण्ड्रारोड तहसील अंतर्गत गोरखपुर स्थित मुक्तिधाम में पवन नायक द्वारा अतिक्रमण कर दीवाल बनाया जा रहा था जिससे मुक्तिधाम में आने जाने का रास्ता अवरुद्ध हो रहा था। आसपास के लोगो में इसे लेकर आक्रोश व्याप्त था। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देश पर तहसीलदार अविनाश कुजूर, राजस्व निरीक्षक भारद्वाज और पटवारी कविता शुक्ला मुक्तिधाम पहुंचे जहां पवन नायक द्वारा त्रिपाल से ढक कर अवैध रूप से मुक्तिधाम में आने जाने के रास्ते पर दीवाल खड़ा किया जा रहा था।
तहसीलदार पेण्ड्रारोड द्वारा काम रोकने के संबंध में आरोपी पवन नायक से पूछताछ करने पर उन्होने झगड़ा करना शुरु कर दिया और पहले भी जेल जा चुका हूं कहकर धमकी देने लगा। इस पर तहसीलदार ने शांतिभंग होने के कारण भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम 2023 की धारा 170 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए थाना गौरेला में पवन नायक के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत किया गया एवं पवन नायक को गिरफ्तार कर थाना गौरेला लाया गया। तहसीलदार ने बताया गया की मुक्तिधाम में पवन नायक के द्वारा अतिक्रमण करने से आसपास के लोगो में आक्रोश था। पूर्व में प्रकरण पंजीबद्ध कर नोटिस जारी किया गया था परंतु उसके द्वारा नोटिस लेने से मना करते हुए बेखौफ काम किया जा रहा था। इसलिए पवन नायक के खिलाफ बेदखली आदेश जारी करते हुए कब्जा हटाने एवं जुर्माने की कार्यवाही की जा रही है।
