गौरेला पेंड्रा मरवाही, 10 जुलाई 2024/ मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को अरपा सभा कक्ष हुई। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परियोजना निर्देशक जिला पंचायत (डीआडीए) के पी तेंदुलकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आई नागेश्वर राव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ ललित शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी जे के शास्त्री उपस्थिति थे। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अतुल परिहार ने समिति के सदस्यों के समक्ष बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत विगत वर्ष के कार्यक्रम एवं वर्ष 2024-25 हेतु कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने महिला सशक्तिकरण हेतु 100 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम की कार्ययोजना अंतर्गत परियोजना एवं आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम किये जाने की जानकारी भी दी। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी द्वारा 12 जुलाई को एक वृक्ष मां के नाम कार्यक्रम अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में पौधारोपण करने एवं उनके संरक्षण की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किये जाने की जानकारी दी गई। पौध रोपण हेतु आंगनबाडी केन्द्रों में पौधे उद्यान विभाग द्वारा दिये जा रहे है। कलेक्टर ने नारी शक्ति से जल शक्ति कार्यक्रम अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को जागरूक कर इस कार्यक्रम में सक्रिय सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
ब्रेकिंग न्यूज़
