-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित,साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

                गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 8 सितंबर 2026/अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डाईट) पेण्ड्रा के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रभारी शिक्षकों, स्वयंसेवी शिक्षकों एवं नव साक्षरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नव साक्षर श्रीमती नीलू बाई द्वारा साक्षरता ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर साक्षरता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने रैली निकालने तथा ‘हर घर साक्षरता दीप’ जलाने की अपील की गई। 
               कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने नव साक्षरों का साक्षरता की दुनिया में कदम रखने पर स्वागत किया और साक्षरता अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि साक्षरता की शुरुआत अपने घर से होनी चाहिए। प्रत्येक साक्षर बच्चा अपने माता-पिता अथवा परिवार के ऐसे सदस्य को साक्षर बनाने की जिम्मेदारी ले, जो अभी साक्षर नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिले की साक्षरता दर 56 प्रतिशत से बढ़कर 78 प्रतिशत हो गई है, जो सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। कलेक्टर ने जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लिए सभी से निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
           कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी, जिला मुख्य आयुक्त स्काउट एवं गाइड श्री नीरज जैन ने भी अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिले को पूर्ण साक्षर बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर डाइट के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से साक्षरता के लाभ, शिक्षा के महत्व तथा अंधविश्वास जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। साक्षरता के जिला नोडल अधिकारी श्री मुकेश कोरी सहित विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह, संजय वर्मा आर एन चंद्रा बीआरसीसी संतोष सोनी अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, स्वयंसेवी शिक्षक एवं नव साक्षर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.