जिले के 270 परीक्षा केंद्रों में हुआ बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान का मूल्यांकन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 27 सितम्बर 2026/ उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले में उल्लास महापरीक्षा उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में जिले के तीनों विकासखंडों की ग्राम पंचायतों एवं तीनों नगरीय निकायों में बनाए गए 270 परीक्षा केंद्रों में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 5518 नवसाक्षर परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के व्यवस्थित संचालन के लिए 270 केंद्राध्यक्ष एवं 344 पर्यवेक्षक-सहमूल्यांकनकर्ता नियुक्त किए गए। जिला एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर परीक्षा की सतत निगरानी की गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय मॉनिटरिंग दलों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापरीक्षा में नवसाक्षरों का उत्साह देखते ही बना। विभिन्न केंद्रों में सास-बहू, पति-पत्नी और देवरानी-जेठानी सहित एक ही परिवार के सदस्यों ने भी परीक्षा में भाग लेकर शिक्षा के प्रति प्रेरक संदेश दिया। 65 वर्षीय श्रीमती दौजी बाई ने अपनी 38 वर्षीय बहू श्रीमती रुक्मणी बाई के साथ परीक्षा दी। वहीं बेलपत में 78 वर्षीय प्रेम सिंह और 72 वर्षीय कृपाल सिंह ने मूल्यांकन परीक्षा में शामिल होकर यह संदेश दिया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। जिला शिक्षा अधिकारी ने इन नवसाक्षरों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। कई परीक्षा केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाकर आदर्श परीक्षा केंद्र एवं सेल्फी जोन बनाए गए। परीक्षार्थियों का तिलक लगाकर तथा फूल-माला एवं गुलदस्ते से स्वागत किया गया। परीक्षा के सफल संचालन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, संकुल प्राचार्यों, शैक्षिक समन्वयकों, डाइट पेंड्रा के स्टाफ एवं छात्राध्यापकों, स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों तथा स्वयंसेवी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उल्लास महापरीक्षा में सफल परीक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) नई दिल्ली द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
