रंजिश में घर में लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार — एक लाख से अधिक की संपत्ति जली
जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चनाडोंगरी में आपसी रंजिश के चलते आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को प्रार्थी उत्तम सिंह ने थाना मरवाही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर में आग लगा दी गई, जिससे घर में रखा सामान और छानी-छप्पर जलकर खाक हो गया। इस घटना में एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल टीम की जांच में पेट्रोल डालकर आग लगाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान यह सामने आया कि गांव के ही सुनील कुमार मार्को के जीजा का प्रार्थी से पूर्व में विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार मार्को को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। थाना मरवाही में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
