मजदूरों के हक के लिए इंटक का सघन दौरा, वीडियो रिकॉर्डिंग और शिकायत फॉर्म से जुटाई जा रही जानकारी
गौरैला पेंड्रा मरवाही / राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक परिवार द्वारा मजदूरों के हित में लगातार दौरा किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दूसरे दिन भी इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने अपनी टीम के साथ विभिन्न स्थानों—सिल्वर फैक्ट्री, फ्लाई ऐश ईंट निर्माण इकाइयों, पेट्रोल पंप, रईस मिल और निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान इंटक टीम ने मजदूरों से मिलकर उनकी मजदूरी, सुरक्षा और भविष्य निधि से जुड़ी जानकारी ली। साथ ही प्रत्येक मजदूर का वीडियो रिकॉर्ड किया गया और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, रायपुर द्वारा जारी शिकायत फॉर्म में उनकी पूरी जानकारी भरवाई गई तथा हस्ताक्षर व अंगूठा निशान लिया गया।
मीडिया से बातचीत में जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने बताया कि वीडियो रिकॉर्डिंग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी कार्रवाई के दौरान मजदूरों पर दबाव बनाकर बयान न बदला जा सके और संगठन के खिलाफ कोई गलत अफवाह न फैलाई जा सके। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब तक किसी भी उद्योग या संस्थान द्वारा मजदूरों से मिलने में कोई बाधा नहीं डाली गई है। हालांकि गर्ग फूड प्रोडक्ट में प्रारंभ में मजदूरों से मिलने में समय का हवाला दिया गया, लेकिन बाद में छुट्टी के दौरान उनसे मिलकर पूरी जानकारी ले ली गई।
इंटक अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देना है और उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित सभी अधिकार दिलाना है। साथ ही आगामी 1 मई अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के कार्यक्रम के लिए भी मजदूरों को आमंत्रित किया जा रहा है, जहां उन्हें उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
