बिलासपुर ग्रामीण। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में आगामी समय को देखते हुए अपनी युवा टीम को और अधिक मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। संगठन के प्रति निष्ठा और छात्र राजनीति से अपनी अलग पहचान बनाने वाले राजू दास मानिकपुरी को भारतीय जनता युवा मोर्चा रतनपुर का नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
राजू दास मानिकपुरी ने स्कूल जीवन से ही छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी थी। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से छात्र हितों की आवाज बुलंद की और युवाओं के बीच अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। संगठन में सक्रियता और समर्पण के बल पर वे रतनपुर भाजयुमो के उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
वे पूर्व में भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उन्हें भाजपा जिला अध्यक्ष बिलासपुर ग्रामीण मोहित जायसवाल का करीबी समर्थक माना जाता है। रतनपुर मंडल उपाध्यक्ष के रूप में जमीनी स्तर पर किए गए उनके कार्यों और संगठन विस्तार में निभाई गई सक्रिय भूमिका का ही परिणाम है कि पार्टी ने उनका कद बढ़ाते हुए उन्हें मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
अपनी बेबाक शैली और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले राजू दास मानिकपुरी राजनीति के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ को संगठन के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
नियुक्ति के बाद उन्होंने *NEWS 1947* से चर्चा में कहा कि वे शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं। पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरते हुए वे सरकार की नीतियों और संगठन की विचारधारा को अंतिम छोर के युवा तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम दर्शाता है कि पार्टी अब जमीनी स्तर पर सक्रिय और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले चेहरों को आगे ला रही है। आने वाले समय में देखना होगा कि रतनपुर क्षेत्र में भाजयुमो की गतिविधियों में कितनी गति और विस्तार देखने को मिलता है।
