-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस का ‘Eyes and Ears’ अभियान शुरू, नागरिकों से की ये खास अपील

 



नई दिल्ली : गणतंत्र दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में रविवार को दिल्ली पुलिस ने शहरभर में ‘आंख और कान’ जन-जागरूकता अभियान चलाया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके। इस अभियान के तहत दिल्ली के सभी जिलों के पुलिस थानों के साथ-साथ मेट्रो और आईजीआई एयरपोर्ट यूनिट्स में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था का सक्रिय भागीदार बनाना और किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस तक पहुंचाना है।

‘आंख और कान’ जन-जागरूकता कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, होटल संचालक, सेकेंड हैंड कार डीलर, सब्जी और फल विक्रेता, सिक्योरिटी गार्ड, पार्किंग अटेंडेंट, पोर्टर सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों से अपील की कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर वे अपने आसपास की हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।

जागरूकता सत्र लाइव स्क्रीनिंग

अधिकारियों ने कहा कि जनता की सतर्कता से ही किसी भी बड़ी घटना को समय रहते रोका जा सकता है। इस अवसर पर एसीपी रंजय आत्रिश्य और एसीपी कैलाश बिष्ट द्वारा संयुक्त जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसे दिल्ली पुलिस के यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारित किया गया। इसके साथ ही सभी पुलिस थानों, मेट्रो और आईजीआई एयरपोर्ट यूनिट्स में इसकी लाइव स्क्रीनिंग भी की गई। कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को किरायेदार सत्यापन सुनिश्चित करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने, मार्केट एसोसिएशनों को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा होटल संचालकों को मेहमानों की पहचान की सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने लोगों से की अपील

कार्यक्रम के दौरान सिम कार्ड विक्रेताओं को नियमों का सख्ती से पालन करने, सेकेंड हैंड कार डीलरों को खरीदारों की समुचित जांच करने और वाहन ट्रांसफर समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पार्किंग अटेंडेंट और केमिकल विक्रेताओं को भी विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की हिदायत दी गई। दिल्ली पुलिस ने लोगों को आपातकालीन नंबर 112 और ‘Eyes and Ears’ हेल्पलाइन 14547 की जानकारी देते हुए अपील की कि गणतंत्र दिवस के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हरकत को नजरअंदाज न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह ‘आंख और कान’ अभियान गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। पुलिस का कहना है कि राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और आम जनता की साझेदारी बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.