नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में घायल हो गईं। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे उनकी कार का जोरदार एक्सीडेंट हो गया, जिसमें नोरा के सिर में चोट आई है। हादसे के बावजूद उन्होंने शनिवार शाम सनबर्न 2025 में पहुंचकर डेविड गुएटा के कॉन्सर्ट में शानदार परफॉर्मेंस दी।
बताया जा रहा है कि नोरा फतेही सनबर्न फेस्टिवल में शामिल होने जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार में नशे की हालत में कार चला रहे एक व्यक्ति ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। नोरा ने एक वीडियो जारी कर बताया कि आरोपी चालक ने उनकी कार को टक्कर मारने के अलावा अन्य लोगों को भी गाड़ी से कुचलने की कोशिश की, जिससे कई लोग घायल हुए हैं।
सीटी स्कैन के बाद राहत
हादसे के तुरंत बाद नोरा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका सीटी स्कैन कराया गया। डॉक्टरों की जांच में कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई। चिकित्सकीय सलाह के बाद नोरा ने अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट को निभाते हुए सनबर्न 2025 में परफॉर्मेंस दी।
आरोपी हिरासत में
नोरा फतेही की ओर से आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
परफॉर्मेंस को मिली सराहना
हादसे की खबर सामने आने के कुछ ही देर बाद सनबर्न में नोरा की परफॉर्मेंस का वीडियो वायरल हो गया। चोट के बावजूद उन्होंने पूरी एनर्जी के साथ डांस परफॉर्मेंस दी, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।

