-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा: आरपीएफ पोस्ट में जवान ने बैचमेट पर चलाई गोली, प्रधान आरक्षक की मौत





 रायगढ़। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट में देर रात ड्यूटी के दौरान हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहाँ एक जवान ने अपने ही साथी प्रधान आरक्षक पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे आरपीएफ महकमे में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक गोली चलाने वाले RPF जवान का नाम एस. लादेर है, जो जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है। मृतक प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी थे। दोनों बैचमेट थे और बीती रात एक साथ ड्यूटी पर तैनात थे।

सूत्रों के अनुसार, तड़के करीब 4 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान जवान एस. लादेर ने अपनी सरकारी रायफल से चार राउंड फायर किए, जो सीधे पी.के. मिश्रा के सिर में लगे। गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। आरपीएफ पोस्ट को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बताया जा रहा है कि आगे की कार्रवाई IG के पहुंचने के बाद ही शुरू की जाएगी।

इस बीच, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक आरक्षक की पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और आरपीएफ अधिकारियों की विशेष टीम मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी में विवाद का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.