रायगढ़, छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में प्रेम संबंध टूटने और गर्लफ्रेंड की शादी हो जाने से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नया गंज निवासी अभिषेक देवांगन (30) के रूप में हुई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक का कोतरा रोड क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय युवती से करीब ढाई साल से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच नियमित संपर्क और मुलाकात होती थी, लेकिन कुछ समय पहले युवती ने उससे संबंध तोड़ लिया। करीब तीन दिन पहले युवती की शादी हो गई, जिससे अभिषेक गहरे तनाव में चला गया।
गुरुवार रात अभिषेक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने कहा कि उसने सच्चे दिल से प्यार किया और कभी धोखा नहीं दिया। वीडियो में उसने अपने जीवन को समाप्त करने की बात भी कही है।
घटना की जानकारी मिलने पर उसका एक दोस्त घर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो अभिषेक फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

