दुर्ग। जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। नेशनल हाइवे 53 पर भिलाई पावर हाउस ओवरब्रिज के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रेलर ने बाइक सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान साक्षी द्विवेदी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव के एबिस प्लांट में एचआर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी।
यह घटना छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साक्षी अपनी बाइक से भिलाई की ओर जा रही थीं। पावर हाउस ओवरब्रिज के पास अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साक्षी सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और 108 को दी, लेकिन तब तक साक्षी ने दम तोड़ दिया था।
पुलिस ने ट्रेलर को किया जब्त, चालक फरार
छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
साक्षी की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली सदस्य थीं। सहकर्मियों और परिचितों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

