बस्तर। जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने एक महिला की जान ले ली। बताया जा रहा है कि खाना खाने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक युवक ने अपनी पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना बस्तर थाना क्षेत्र के ग्राम करमरी भाटागुड़ा की है।
बेरोजगार पति, मजदूरी कर घर चलाती थी पत्नी
जानकारी के अनुसार, आरोपी रेंगा बघेल (37) पिछले लंबे समय से बेरोजगार था और अपना अधिकतर समय इधर-उधर घूमने में बिताता था। उसके परिवार की सारी जिम्मेदारी उसकी पत्नी पूर्णिमा (29) पर थी, जो मजदूरी करके घर चलाती थी।
खाना खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच खाना खाने को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रेंगा बघेल ने आपा खो दिया और डंडा उठाकर पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। घटना के वक्त उनके बच्चे मौजूद थे, जो अपनी मां को बचाने की कोशिश भी नहीं कर सके।
मौके पर ही हुई महिला की मौत
डंडे से हुई बेरहम पिटाई के कारण पूर्णिमा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बस्तर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घरेलू कलह और आर्थिक तनाव इस घटना की बड़ी वजह रहे।

