रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे अभनपुर इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मुजगहन थाना क्षेत्र के छछानपैरी गांव में जादू-टोना के शक में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संजय नेताम और आरोपी श्याम कुमार ध्रुव एक ही गांव के निवासी हैं। श्याम कुमार को लंबे समय से संजय पर जादू-टोना करने का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था। गांव वालों के मुताबिक, दोनों के बीच आपसी रंजिश पिछले कुछ महीनों से चल रही थी।
शनिवार रात इसी रंजिश के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर संजय नेताम पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्याम कुमार ध्रुव को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

