नई दिल्ली। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गांधी परिवार खुद को गरीब बताता है और कहता है कि उनके पास कोई संपत्ति नहीं है, तो विदेश यात्राओं का खर्च कहां से आ रहा है।
निशिकांत दुबे ने कहा, “जब आपका परिवार कहता है कि उसके पास कोई संपत्ति नहीं है, तो सारा पैसा कहां से आ रहा है? आप कोलंबिया या कंबोडिया क्यों जा रहे हैं, किस वजह से जा रहे हैं? आपके परिवार की इटली में क्या संपत्ति है? हर चीज की जांच होगी।”
उन्होंने राहुल गांधी की उम्र और उनकी सार्वजनिक छवि पर भी तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी की शादी नहीं हुई तो इसका मतलब यह नहीं कि वे जवान हैं। मेरी और उनकी उम्र बराबर है। मेरे दो बेटे हैं, जो शादी की उम्र में हैं। जब आपके परिवार के पास कोई संपत्ति नहीं है, तो आप पैसा कहां से ला रहे हैं?”
दुबे ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर विदेश यात्राओं का वित्तीय स्रोत क्या है और राहुल गांधी बार-बार विदेशों में क्यों जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इटली में गांधी परिवार की संपत्ति की जांच कराई जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और उनके परिवार पर कई बार आरोप लगाए हैं। 16 अक्टूबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक दस्तावेज साझा कर दावा किया था कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी स्वीडिश सैन्य कंपनी के एजेंट थे और 1970 के दशक में एक फाइटर जेट सौदे में बिचौलिये की भूमिका निभाई थी।

