वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से एक साथ चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “अब तो विदेशी यात्री भी वंदे भारत को देखकर अचंभित होते हैं। वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है। पहले क्या हम ये कर सकते थे? ये सब तो विदेश में होता था, अब हम कर रहे हैं, हमारे यहां बन रही हैं।”
प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन ‘नमः पार्वती पतये’ से शुरू किया और करीब 18 मिनट तक जनता को संबोधित किया। जिन ट्रेनों की शुरुआत की गई है, वे वाराणसी-खजुराहो, फिरोजपुर-दिल्ली, एर्नाकुलम-बेंगलुरु और लखनऊ-सहारनपुर मार्ग पर चलेंगी।
वाराणसी को यह उसकी 8वीं वंदे भारत ट्रेन मिली है। पीएम मोदी का यह इस साल का पांचवां और सांसद बनने के बाद से 53वां वाराणसी दौरा है। शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे वे वाराणसी पहुंचे और एयरपोर्ट से बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) गेस्ट हाउस तक सड़क मार्ग से गए।
करीब 27 किलोमीटर लंबे रूट पर जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

