कोटा (राजस्थान)। फिल्म अभिनेता सलमान खान और राजश्री पान मसाला कंपनी पर अब कानूनी शिकंजा कस गया है। राजस्थान के कोटा जिला उपभोक्ता संरक्षण न्यायालय ने दोनों को नोटिस जारी कर 27 नवंबर तक जवाब तलब किया है। अदालत ने यह कार्रवाई भ्रामक विज्ञापन के आरोप में की है।
भाजपा नेता और अधिवक्ता ने दाखिल किया परिवाद
कोटा के भाजपा नेता और अधिवक्ता इंद्र मोहन सिंह हनी ने कोर्ट में परिवाद दाखिल करते हुए आरोप लगाया कि सलमान खान द्वारा ‘राजश्री इलायची युक्त केसर पान मसाला’ का विज्ञापन भ्रामक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के विज्ञापनों से उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा है और युवा वर्ग को तंबाकू उत्पादों की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
“5 रुपये के पाउच में असली केसर संभव नहीं”
परिवाद में यह भी उल्लेख किया गया है कि केसर का मूल्य लगभग 4 लाख रुपये प्रति किलो है, ऐसे में 5 रुपये के पाउच में असली केसर का उपयोग संभव नहीं है। इससे जनता को गलत जानकारी दी जा रही है और यह विज्ञापन उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन करता है।
वकील का बयान
वकील रिपुदमन सिंह ने बताया कि यह मामला न केवल भ्रामक प्रचार का है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के प्रमोशन से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसे विज्ञापन युवाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की ओर धकेल सकते हैं।
सरकार से की बड़ी मांग
परिवादी ने सरकार से मांग की है कि ऐसे हानिकारक उत्पादों के विज्ञापन पर रोक लगाई जाए। साथ ही, सलमान खान को अब तक मिले सरकारी राष्ट्रीय पुरस्कार वापस लिए जाएं, क्योंकि वे ऐसे उत्पादों का प्रचार कर रहे हैं जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं।
कोर्ट ने 27 नवंबर तक मांगा जवाब
कोटा कोर्ट ने मामले पर संज्ञान लेते हुए सलमान खान और राजश्री पान मसाला कंपनी को नोटिस जारी किया है। अब दोनों पक्षों को 27 नवंबर तक अपना जवाब पेश करना होगा। यह मामला अब देशभर में सेलिब्रिटी विज्ञापन और उपभोक्ता अधिकारों को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।

