-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

उद्यानिकी महाविद्यालय हथनी के छात्र-छात्राओं ने किया कृषि महाविद्यालय बिलासपुर का शैक्षणिक भ्रमण

उद्यानिकी महाविद्यालय हथनी के छात्र-छात्राओं ने किया कृषि महाविद्यालय बिलासपुर का शैक्षणिक भ्रमण

बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में आज उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, हथनी (बिलासपुर) के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने अपने संकाय सदस्यों के साथ शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण में संकाय सदस्य श्रीमती पुष्पांजलि पंकज, डॉ. राकेशगिरी गोस्वामी, डॉ. यामिनी, डॉ. रोहित, डॉ. संध्या एवं डॉ. मकसूदन भी शामिल रहे।

विभिन्न विभागों में छात्रों ने सीखा आधुनिक कृषि का व्यावहारिक ज्ञान

कीट विज्ञान विभाग

कीट विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. यशपाल सिंह निराला ने छात्रों को मित्र एवं शत्रु कीटों के बीच अंतर, रेशम कीट, लाख कीट की विशेषताओं, उनके जीवन चक्र तथा उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। छात्रों ने विभिन्न प्रकार के स्प्रेयर एवं नोजल, साथ ही स्टीरियो जूम माइक्रोस्कोप का उपयोग करके धान के पेनिकल माइट का लाइव वीडियो और माइक्रो-फोटोग्राफी देखकर अत्यधिक उत्साह दिखाया। कई छात्रों ने माइक्रोस्कोप पर व्यावहारिक प्रशिक्षण लेकर महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किया।

पादप रोग विज्ञान विभाग

पौध रोग विज्ञान विभाग में वैज्ञानिक डॉ. विनोद कुमार निर्मलकर ने पौध रोगों के वास्तविक स्पेसिमेन, फफूंदीय संरचनाओं तथा रोग निदान की विधियों को छात्रों को प्रदर्शित किया। जैविक नियंत्रको की कार्यप्रणाली के बारे में समझाते हुए उन्होंने बताया कि भविष्य की कृषि में ये एजेंट रसायनों का सशक्त विकल्प बनकर उभर रहे हैं।

मृदा विज्ञान विभाग

मृदा विज्ञान में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रमेंद्र कुमार केसरी ने मृदा के प्रकार, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, pH मीटर, इलेक्ट्रिकल कंडक्टिविटी मीटर तथा मृदा प्रोफाइल के वास्तविक नमूनों के आधार पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। छात्रों ने मृदा परीक्षण किट का उपयोग कर प्रत्यक्ष रूप से परीक्षण प्रक्रिया समझी, जिससे उनमें मृदा विश्लेषण के प्रति गहरी रुचि देखने को मिली।

उद्यानिकी विभाग

उद्यानिकी विभाग में वैज्ञानिक डॉ. पुष्पलता तिर्की ने छात्रों को उद्यानिकी के विभिन्न टूल्स, सब्जी बीज उत्पादन, पॉलीहाउस तकनीक, शेडनेट हाउस, पुष्प उत्पादन तकनीक तथा विशेष रूप से सेवंती की उन्नत खेती के बारे में विस्तार से बताया। छात्रों ने पॉलीहाउस में तापमान नियंत्रण, सिंचाई तकनीक और फसल प्रबंधन की आधुनिक विधियों को नज़दीक से समझा।

पादप प्रजनन एवं आनुवांशिक विभाग

पादप प्रजनन एवं आनुवंशिक विभाग में अतिथि शिक्षक डॉ. प्रभा बंजारे ने विभिन्न जर्मप्लाज्म संग्रह, उनकी पहचान एवं संरक्षण की विधियों का परिचय कराया। साथ ही, उन्होंने छात्रों को डीएनए आइसोलेशन की प्रक्रिया से अवगत कराया, जिससे उन्हें आणविक स्तर पर फसल सुधार की समझ विकसित हुई।

वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के प्रेरक मार्गदर्शन

अधिष्ठाता डॉ. एन. के. चौरे का उद्बोधन

कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के अधिष्ठाता डॉ. एन. के. चौरे ने छात्रों को मोबाइल एवं कंप्यूटर जैसे तकनीकी साधनों का सकारात्मक एवं शैक्षणिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग छात्रों के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ भी दी।

मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार वर्मा का मार्गदर्शन

क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार वर्मा ने छात्रों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, नए शोधों से अपडेट रहने और कृषि अनुसंधान के बढ़ते अवसरों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान में विभिन्न क्षेत्रों—जैसे कीट प्रबंधन, पौध रोग प्रबंधन, आनुवंशिक सुधार, जल प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन—में अनुसंधान की अपार संभावनाएँ हैं।

छात्र-छात्राओं में उत्साह, सीखने की ललक और नया अनुभव

भ्रमण के अंत में छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि यह शैक्षणिक भ्रमण उनके लिए अत्यंत सीखपूर्ण एवं प्रेरक साबित हुआ। लाइव स्पेसिमेन, माइक्रोस्कोप कार्य, पॉलीहाउस निरीक्षण, मृदा परीक्षण और डीएनए आइसोलेशन जैसी प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष देखकर छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ा।

अधिष्ठाता डॉ. तोरण लाल साहू के नेतृत्व की सराहना

छात्रों ने कहा कि यह भ्रमण उद्यानिकी महाविद्यालय हथनी के अधिष्ठाता डॉ. तोरण लाल साहू के कुशल नेतृत्व, दिलचस्प शैक्षणिक गतिविधियों और सतत प्रोत्साहन के कारण संभव हो पाया। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन और कृषि महाविद्यालय बिलासपुर का भी धन्यवाद व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.