नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंचने के बाद दिल्ली सरकार ने GRAP-III चरण लागू कर दिया है। इस चरण के तहत कई सख्त प्रतिबंध लागू होते हैं, जिनमें पुरानी और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक शामिल है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पेट्रोल कार मालिक को 20,000 रुपये का चालान काटा गया बताया गया है। आइए जानते हैं वायरल दावे की सच्चाई।
2016 मॉडल की Honda City, फिर भी भारी चालान?
वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स 2016 मॉडल की Honda City पेट्रोल कार के साथ नजर आ रहा है। यह कार न सिर्फ 10 साल से कम पुरानी है, बल्कि 2031 तक वैध भी है। इसके बावजूद दिल्ली में प्रवेश करने पर उसे 20,000 रुपये का फाइन लगाया गया।
कार मालिक का कहना है कि लोग आमतौर पर सिर्फ 10 साल से ज्यादा पुराने डीजल वाहनों पर प्रतिबंध के बारे में जानते हैं, लेकिन GRAP-III के लागू होने के बाद नई कारों पर भी कार्रवाई हो रही है।
GRAP-III में किन गाड़ियों पर है रोक?
ट्रैफिक पुलिस की जानकारी के अनुसार GRAP-III के तहत दिल्ली में इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है—
BS-IV और उससे पुरानी डीजल गाड़ियां
BS-III पेट्रोल वाहन
BS-III दोपहिया वाहन
यानी GRAP-III के दौरान दिल्ली में केवल BS-IV और उससे ऊपर के पेट्रोल वाहन ही प्रवेश कर सकते हैं।
कार का BS मानक बना फाइन की वजह
वायरल वीडियो में दिखाई गई Honda City BS-III पेट्रोल मॉडल बताई जा रही है। GRAP-III में BS-III पेट्रोल वाहनों पर प्रवेश प्रतिबंध होने के कारण कार मालिक पर चालान लगाया गया।

