रायपुर। नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) परिसर 28 से 30 नवंबर तक देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद अहम आयोजन की मेजबानी करेगा। इस दौरान 60वां अखिल भारतीय DGP-IG सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल शामिल होंगे।
उच्च स्तर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की टीम ने मंगलवार को सम्मेलन स्थल का निरीक्षण किया। SPG अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, आवागमन मार्ग और सुरक्षा तंत्र की विस्तृत समीक्षा की।
नया रायपुर तीन दिनों तक रहेगा सील
सम्मेलन में देशभर के शीर्ष पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी को देखते हुए नवा रायपुर क्षेत्र को पूरी तरह से सुरक्षा घेरा प्रदान किया जाएगा। तीन दिनों तक कई मार्गों को प्रतिबंधित रखा जाएगा। आम लोगों के प्रवेश पर भी सख्त निगरानी रहेगी।
डायल 112 मुख्यालय में फाइनल समीक्षा बैठक
किसी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा चूक न होने पाए, इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस ने सिविल लाइन स्थित डायल-112 कंट्रोल रूम में अंतिम तैयारी बैठक की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यातायात, सुरक्षा परिधि, आवागमन रूट और तैनाती व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
पुलिस करेगी सड़क पर रिहर्सल
सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी के मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने रूट रिहर्सल की तैयारी शुरू कर दी है। विभिन्न स्थानों पर जवानों की तैनाती, सुरक्षा लेयर और आपातकालीन रिस्पॉन्स को टेस्ट किया जाएगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों की नजर
DGP-IG सम्मेलन देशभर की आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद-निरोधक रणनीति, सीमा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा का प्रमुख मंच है। इस कारण राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर आयोजन पर बनी हुई है।

