-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : विधायक धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : विधायक धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ
मुख्य अतिथि ने कहा — चहुंमुखी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है छत्तीसगढ़
‘अरपा-बिहान’ ब्रांड का हुआ शुभारंभ, बिहान समूह की महिलाओं के उत्पाद को मिली नई पहचान

 *गौरेला-पेंड्रा-मरवाही* //
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर गुरुकुल खेल मैदान, पेण्ड्रारोड में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर विधायक कौशिक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण छत्तीसगढ़ आज चहुंमुखी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बीते 25 वर्षों में प्रदेशवासियों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है और अब छत्तीसगढ़ की गिनती देश के विकसित राज्यों में की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर जनआकांक्षाओं को साकार किया। इस वर्ष को राज्य सरकार द्वारा ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। विधायक कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप हमें विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तैयार अंजोर विजन डॉक्यूमेंट 2047 इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं राजगीत के साथ हुआ।
कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने स्वागत भाषण में जिले में हुए विकास कार्यों, संस्कृति संरक्षण और जनकल्याण के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्योत्सव में विभिन्न विभागों के स्टॉल, बच्चों के मनोरंजन हेतु झूले, फूड स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई गई हैं।

राज्योत्सव के पहले दिन स्कूली छात्र-छात्राओं एवं लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में गेंड़ी, सुआ, मोर छत्तीसगढ़ महतारी जैसे लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। प्रसिद्ध लोकगायक संजय सुरीला और उनकी टीम द्वारा लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति से दर्शक भावविभोर हो उठे।

इस अवसर पर विधायक कौशिक ने ‘अरपा-बिहान’ ब्रांड का शुभारंभ किया। इस ब्रांड के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का विक्रय किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकेश रावटे ने बताया कि जिले की पहचान सुगंधित धान को बढ़ावा देने हेतु तिपान महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (गौरेला) एवं मलनियां फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (पेण्ड्रा) द्वारा ‘अरपा-बिहान’ नाम से विष्णुभोग चावल का उत्पादन एवं विक्रय किया जा रहा है। साथ ही वनोपज आधारित उत्पादों का भी विपणन समूहों द्वारा किया जाएगा।

जिले में वर्तमान में 18,545 महिलाएं बिहान स्वसहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं, जिनमें से 9,808 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और 15 महिलाओं की आय 4 लाख रुपये से अधिक हो गई है। राज्योत्सव में जिला पंचायत के स्टॉल में इन महिलाओं द्वारा बांस सामग्री, अचार, पापड़, शहद, साबुन, अगरबत्ती, नमकीन और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के विक्रय हेतु ‘गढ़कलेवा’ स्टॉल लगाया गया है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, नगरपालिका परिषद गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे, पुलिस अधीक्षक एस. आर. भगत, सीईओ जिला पंचायत मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर अमित बेक, उपाध्यक्ष नगरपालिका परिषद रोशनी शर्मा, लालजी यादव, राकेश चतुर्वेदी, नीरज जैन, कन्हैया राठौर, शरद गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.