नई दिल्ली। देश में आम लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्रिसिल (CRISIL) की नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत में घरेलू वेजिटेरियन थाली की कीमत अक्टूबर 2025 में सालाना आधार पर 17% घटकर 27.8 रुपए रह गई है। पिछले साल इसी महीने यानी अक्टूबर 2024 में वेज थाली की कीमत 33.3 रुपए थी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि नॉन-वेज थाली की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई है। नॉन-वेज थाली अब 12% सस्ती होकर 54.4 रुपए रह गई है, जबकि अक्टूबर 2024 में इसकी कीमत 61.6 रुपए थी।
मासिक तुलना में भी गिरावट
सितंबर 2025 की तुलना में अक्टूबर में वेज थाली की कीमत 1% और नॉन-वेज थाली की कीमत 3% कम हुई है। सितंबर में वेज थाली 28.1 रुपए और नॉन-वेज थाली 56 रुपए की थी।
आलू-प्याज-टमाटर ने घटाए दाम
क्रिसिल की राइस रोटी रेट (RRR) रिपोर्ट के अनुसार, आलू, प्याज, टमाटर और दालों के दामों में आई गिरावट से थाली की कीमत में कमी आई है।
-
टमाटर के दाम सालाना आधार पर 40% गिरे हैं।
-
प्याज के दामों में 51% की गिरावट आई है।
-
आलू 31% सस्ते हुए हैं।
-
दालों की कीमतें भी 17% कम हुई हैं।
रिपोर्ट में बताया गया कि वेज थाली की कुल लागत में आलू और टमाटर की हिस्सेदारी करीब 24% होती है, इसलिए इन सब्जियों के सस्ते होने से थाली की कीमत में सबसे ज्यादा राहत मिली है।

