भुवनेश्वर। चक्रवात मोन्था ने बुधवार सुबह ओडिशा के गंजम जिले के गोपालपुर बीच पर लैंडफॉल कर लिया है। इससे पहले यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट को पार कर आगे बढ़ा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, लैंडफॉल के बाद भी अगले 6 घंटे तक तूफान का प्रभाव जारी रहेगा।
गंजम तट पर समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं और हवाओं की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है। लगातार तेज बारिश और तूफानी हवाओं के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा सरकार ने सतर्कता बरतते हुए 8 जिलों — गंजम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल, कालाहांडी और नबरंगपुर — में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
सरकार ने अब तक 11 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, जबकि 30 हजार से अधिक लोगों को शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। राहत और बचाव कार्य के लिए ODRF की 30 टीमों और NDRF की 5 टीमों को तैनात किया गया है।

