नालंदा, 30 अक्टूबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को नालंदा के नूरसराय में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार का युवा इंजीनियर और डॉक्टर बनने का सपना देखता है, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उसकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। राहुल ने सवाल उठाया कि 20 साल की सत्ता के बाद भी क्या बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं?
राहुल गांधी ने कहा, “बिहार के अस्पतालों में लोग इलाज के लिए नहीं, मरने के लिए जाते हैं।” उन्होंने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वे सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं, जबकि सरकार को असल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चलाते हैं।
राहुल ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर युवाओं को रोजगार, शिक्षा और सम्मान देने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।

