नई दिल्ली। नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही आम लोगों से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। इनमें बैंक खाते में नॉमिनी जोड़ने के नए नियम, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी, फास्टैग से जुड़े नए नियमों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्लेटफॉर्म्स के सब्सक्रिप्शन में बड़ा बदलाव शामिल है। ये सभी परिवर्तन 1 नवंबर से प्रभावी हो गए हैं।
बैंक खाते में अब चार नॉमिनी जोड़ सकेंगे
अब बैंक अकाउंट में केवल एक नहीं, बल्कि चार नॉमिनी जोड़े जा सकेंगे। अकाउंट होल्डर यह भी तय कर सकेगा कि चारों नॉमिनी में से किसे कितनी हिस्सेदारी मिलेगी। वित्त मंत्रालय ने 23 अक्टूबर को इस बदलाव की घोषणा की थी। नए नियम 1 नवंबर 2025 से लागू हो गए हैं। इससे बैंकिंग क्लेम और उत्तराधिकार प्रक्रिया आसान व पारदर्शी बनेगी। नॉमिनी को कभी भी बदला या हटाया जा सकेगा।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में कमी
नवंबर की शुरुआत में ही सरकार ने राहत देते हुए कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में कमी की है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को राहत मिलेगी।
फास्टैग के नए नियम लागू
फास्टैग से जुड़े नए दिशा-निर्देश लागू हो गए हैं। अब निष्क्रिय या बिना KYC वाले फास्टैग यूजर को टोल प्लाजा पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने फास्टैग अपडेट कराना अनिवार्य कर दिया है।
चैट जीपीटी गो अब भारतीय यूजर्स के लिए फ्री
AI के क्षेत्र में भी इस महीने बड़ा बदलाव हुआ है। 4 नवंबर से चैट जीपीटी गो (ChatGPT Go) का सब्सक्रिप्शन भारत में फ्री में उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा भारतीय यूजर्स के लिए खास तौर पर लॉन्च की गई है।
जेमिनी प्रो सब्सक्रिप्शन भी फ्री में मिलेगा
गूगल के AI प्लेटफॉर्म जेमिनी प्रो (Gemini Pro) का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन भी भारतीय यूजर्स को बिना किसी शुल्क के दिया जा रहा है। इससे यूजर्स को उन्नत AI टूल्स और फीचर्स का लाभ मुफ्त में मिल सकेगा।
अन्य वित्तीय नियमों में संशोधन
इसके अलावा कई वित्तीय सेवाओं से जुड़े छोटे लेकिन प्रभावी बदलाव भी नवंबर से लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम नागरिकों के जीवन पर पड़ेगा।

