नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने एक चमत्कारिक सर्जरी को अंजाम दिया है। अस्पताल की प्लास्टिक और हैंड माइक्रोसर्जरी टीम ने 20 वर्षीय युवक के पैर के अंगूठे से उसके हाथ का नया अंगूठा बना दिया। इस जटिल सर्जरी ने युवक को न केवल आत्मनिर्भर बनाया बल्कि जिंदगी में दोबारा उम्मीद भी दी।
दरअसल, युवक कुछ समय पहले एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे में उसका बायां पैर घुटने के नीचे से और बाएं हाथ का अंगूठा पूरी तरह कट गया था। युवक बाइक से जा रहा था, तभी वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया।
डॉक्टरों ने बताया कि युवक का पैर और हाथ बुरी तरह से कुचले हुए थे, जिन्हें फिर से जोड़ा नहीं जा सकता था। हालांकि, पैर का अंगूठा सुरक्षित था। इसी को देखते हुए डॉक्टरों ने एक अनोखा निर्णय लिया— कटे हुए पैर के अंगूठे को ट्रांसप्लांट कर हाथ का नया अंगूठा तैयार किया गया।
यह सर्जरी बेहद जटिल थी, जिसमें माइक्रोवेस्कुलर तकनीक का उपयोग किया गया। करीब 8 घंटे तक चली इस सर्जरी को डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक पूरा किया।

