रतनपुर धार्मिक नगरी में खुलेआम बिक रहा सूअर मांस, प्रशासन की अनदेखी से नाराज श्रद्धालु
स्थानीय लोग बोले – बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई, धार्मिक भावना को पहुंच रही ठेस
रतनपुर, रविवार।
रतनपुर मेला ग्राउंड बाजार में रविवार को खुलेआम सूअर मांस की बिक्री किए जाने से स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। धार्मिक नगरी के रूप में प्रसिद्ध रतनपुर में इस तरह का मांस विक्रय न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है, बल्कि बाजार में सब्जी खरीदने आने वाले परिवारों के लिए भी यह दृश्य बेहद असहज और अप्रिय बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और नगर पंचायत से शिकायत करने के बाद भी यह अवैध मांस बिक्री बंद नहीं हो रही। पहले भी प्रशासन द्वारा सूअर मांस बेचने वालों को मौखिक रूप से मना किया गया था, लेकिन प्रतिबंध को नज़रअंदाज़ कर यह कार्य अब भी जारी है।
एक महिला दुकानदार ने बताया, "हम अपने बच्चों के साथ सब्जी लेने आते हैं, लेकिन मेला ग्राउंड के पास जब मांस काटने और बेचने का दृश्य दिखता है, तो भोजन करने की इच्छा ही खत्म हो जाती है।"
धार्मिक नगरी में स्वच्छता और धार्मिक मर्यादा के अनुरूप वातावरण बनाए रखने की मांग लंबे समय से उठती रही है, लेकिन प्रशासन की निष्क्रियता से स्थानीय जनता में असंतोष गहराता जा रहा है।
स्थानीय युवा संगठन के प्रतिनिधि ने कहा, "यह सिर्फ धार्मिक आस्था की बात के साथ ही साफ-सफाई और सार्वजनिक स्थल पर नियमों के पालन की भी बात है।"
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रतनपुर जैसे धार्मिक स्थल पर इस प्रकार की अव्यवस्था पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए ।
