नई दिल्ली/बिलासपुर।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित "पिछड़ा वर्ग भागीदारी न्याय राष्ट्रीय सम्मेलन" में बिलासपुर जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास अपने सहयोगियों सहित सम्मिलित हुए।
श्री श्रीवास के साथ पंडित जितेंद्र शर्मा जीतू, मोहसिन खान, अनिल सिंह कुशवाहा और वीरेंद्र तिवारी भी इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री श्रीवास ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं – राष्ट्रीय महासचिव श्री सचिन पायलट, पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद, बीके हरिप्रसाद, छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत से मुलाकात कर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
इस भव्य आयोजन में देशभर से हजारों की संख्या में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधि, समाज प्रमुख, सांसद, विधायक, मंत्री एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
नेताओं ने सम्मेलन में कहा कि देश की आधे से अधिक जनसंख्या वाले पिछड़ा वर्ग को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार सामाजिक जनगणना की मांग करती रही है। इस दबाव में आकर केंद्र की भाजपा सरकार ने सामाजिक जनगणना की घोषणा की है, किंतु यह प्रक्रिया तेलंगाना मॉडल के अनुरूप पारदर्शी एवं समावेशी होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आश्वासन दिया कि कांग्रेस शासित राज्यों में पिछड़ा वर्ग को सरकारी और निजी क्षेत्रों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सच्चे अर्थों में सामाजिक न्याय स्थापित हो सके।
