रतनपुर। रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इन दिनों डायरिया के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय चंदेल ने बताया कि अस्पताल में डायरिया से पीड़ित मरीज लगातार पहुंच रहे हैं, हालांकि त्वरित इलाज से अधिकतर मरीज जल्दी स्वस्थ हो रहे हैं।
डॉ. चंदेल ने चिंता जाहिर करते हुए बताया कि अस्पताल में स्टाफ और डॉक्टरों की कमी बनी हुई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कम जनशक्ति के कारण इलाज के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
इसके साथ ही अस्पताल में 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं की कमी एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आई है। डॉ. चंदेल ने बताया कि एम्बुलेंस की संख्या कम होने के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती है।
गौरतलब है कि रतनपुर सीएचसी क्षेत्र के लगभग 150 गांवों के मरीजों के लिए प्राथमिक इलाज का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में स्टाफ, डॉक्टर और एम्बुलेंस की कमी से ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति के साथ एम्बुलेंस सेवाएं बढ़ाई जाएं, ताकि ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
